चंदौली। एसपी अमित कुमार ने बृहस्पतिवार की देर रात जिले के दो थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सदर कोतवाल अशोक मिश्रा क्षेत्र में गश्त करने के बजाय थाने पर ही मौजूद मिले। जबकि अलीनगर प्रभारी संतोष सिंह भी कोतवाली में ही मौजूद रहे। एसपी ने दोनों अफसरों को ईमानदारी से कार्य करने की नसीहत दी। चेताया कि लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ संख्त कार्रवाई होगी। एसपी सबसे पहले सदर कोतवाली पहुंचे और अभिलेखों व कागजातों का अवलोकन किया। वहीं महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार, सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों का सही ढंग से रखरखाव करने के निर्देश दिए। इसके बाद अलीनगर थाने पहुंचे। यहां भी अभिलेखों की जांच-पड़ताल की। उन्होंने फरियादियों के साथ सही व्यवहार करने के निर्देश दिए। कहा कि थाने पर आने वाले लोगों की शिकायत गंभीरता के साथ सुनें। इसका त्वरित निस्तारण कराने का प्रयास किया जाए। पुलिसकर्मी ईमानदारी के साथ दायित्व निभाएं। यदि अनियमितता की शिकायत मिली तो संबंधित के विरूद्ध सख्त कार्रवाई तय है।