कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण मंगलवार को सदर विकास खंड के मद्धूपुर गांव में जन चौपाल के दौरान जनता से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने लोगों की शिकायत पर लोहिया आवास आवंटन में की गई गड़बड़ी पर तत्काल जांच कराने का सीडीओ को निर्देश दिया और कहा कि इसकी रिपोर्ट जल्द पेश करें। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को तलब कर तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया। कमिश्नर ने वित्तीय वर्ष 2014-15 में कराए गए विकास कार्यों का लोगों से पूछताछ कर सत्यापन किया।
इस दौरान कार्यों में खामियां देखकर नाराजगी व्यक्त की और उसे दुरुस्त करने का अधिकारियों को निर्देश दिया। साथ ही गांव में विद्युत आपूर्ति को दुरुस्त करने का विद्युत विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वन टाइम सिस्टम में अधिक से अधिक लोगों को विद्युत बिलों का अधिभार कम कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक उपभोक्ता अपने बकाये विद्युत बिलों का भुगतान कर सकें। कहा कि उन उपभोक्ताओं को भी चिह्नित करें जो विद्युत कनेक्शन लेकर उपभोग कर रहे हैं, लेकिन भुगतान नहीं करते हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित कर तत्काल कार्यवाही करें।
कहा कि बडे़ से बड़े बकायेदारों का कनेक्शन काटने में हिचक न करें। कौशल विकास प्रशिक्षण में प्रशिक्षित युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार मुहैया कराने हेतु कंपनियों से संपर्क कर बेरोजगारी हटाने में सहायक बनें। विद्यालय के अन्तर्गत तालाब के चारों ओर चहारदीवारी का निर्माण करने तथा गेट बनाए जाने का निर्देश सदर खंड विकास अधिकारी को दिया। साथ ही लोहिया आवास के आवंटन में की गई हेराफेरी पर तत्काल जांच कराने का निर्देश दिया।