नौगढ़ के जंगल में कांबिंग करते सुरक्षाकर्मी।
- फोटो : CHANDAULI
नौगढ़। नक्सलियों द्वारा पोस्टर चिपकाए जाने से सतर्क पुलिस ने सोमवार को भी कांबिंग कर जंगलों की खाक छानी। पुलिसकर्मियों ने जंगलों में बने अड़ारों पर छापेमारी कर जंगल के रास्तों पर मिले राहगीरों से पूछताछ की। एसपी हेमंत कुटियाल के निर्देश पर चंद्रप्रभा चौकी इंचार्ज मनोज सिंह के नेतृत्व में पुलिस और पीएसी बल के जवानों ने जंगलों में सघन कांबिंग की। पोस्टर चिपकाने वाले नक्सलियों की टोह लेने के लिए थाना क्षेत्र के सेमरिया, गेरूहाडीह, धुसुरिया, हिनौतघाट व कोइलरवा हनुमान के जंगलों में चप्पे-चप्पे पर जंगल-झाड़ियों में जांच की और ग्रामीणों से पूछताछ की। ग्रामीणों से कहा कि अंजान व्यक्तियों या वस्तुओं के दिखने पर तत्काल डायल 112 और पुलिस के सरकारी नंबरों पर फोन कर सूचित करें। कांबिंग में चंद्रप्रभा चौकी के पुलिस और पुलिस बल के जवान भी मौजूद थे।