पीडीडीयू नगर। नौगढ़ की गरीब वनवासी बिटिया के विवाह का पूरा खर्च सीओ अनिरूद्ध सिंह उठाएंगे। बिटिया के परिजनों ने समाजसेवी दुर्गेश सिंह के माध्यम से बृहस्पतिवार को सीओ से मुलाकात की। सीओ विवाह का पूरा खर्च उठाने के लिए तैयार हो गए । फरवरी के दूसरे सप्ताह में विवाह होगा। इससे पहले भी सीओ सकलडीहा एक एक गरीब बिटिया की शादी करा चुके हैं।
नौगढ़ विकासखंड के कुबराडीह गांव निवासी अक्षय कुमार को दो पुत्र एक पुत्री हैं। बिटिया सुशीला की शादी को लेकर अक्षय लगातार परेशान थे। अक्षय ने बताया कि हमारे पास एक टूटी झोपड़ी के अलावा कुछ नहीं है। ऐसे में बिटिया की शादी कैसे होगी, दहेज कहां से देंगे, यह सोचकर काफी परेशान रहते थे। इसी बीच लोगों के कहने पर समाजसेवी दुर्गेश सिंह से मुलाकात हुई। दुर्गेश ने सीओ अनिरुद्ध सिंह से बात कराई।
सीओ ने दहेज मुक्त शादी की बात की सोनभद्र के वनबहूआर गांव निवासी अमर का पुत्र इंद्रपाल शादी के लिए तैयार हो गया। बृहस्पतिवार को दो पक्ष के लोगों ने समाजसेवी दुर्गेश के साथ सीओ से मुलाकात की। सीओ ने विवाह का पूरा खर्च उठाने का वादा किया। 12 फरवरी को शादी की तिथि तय हो गई। इससे पहले भी सीओ एक गरीब बिटिया की शादी करा चुके हैं, जिसमें एसपी, एसएसपी सहित पूरी चंदौली पुलिस ने घराती की भूमिका निभाई थी।