पड़ाव । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एकात्मा मानववाद के प्रणेता और भारतीय राजनीति में अंत्योदय को प्रस्तुत करने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय की यह पुण्य स्थली है। 1968 में इसी स्थली पर उनका महाप्रयाण हुआ था। इसलिए इस पुण्य स्थली को प्रेरणा स्थली के रूप में विकसित करने से उनके एकात्म मानववाद का संदेश दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री पड़ाव स्थित गन्ना विकास शोध संस्थान परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा सहित अन्य कार्यों का सोमवार को निरीक्षण करने आए थे। निर्माण स्थल का जायजा लेने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों दीनदयाल का प्रतिमा का लोकार्पण कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसी क्रम में निर्माण स्थल का जायजा लेने आया हूं। उन्होंने कहा कि सचमुच रेलवे स्टेशन और इस स्थल का नाम पंडित जी से जुड़ जाने से देश और दुनिया में इसका महत्व और बढ़ेगा। उन्होंने प्रथम चरण में होने वाले कार्य को वीडीए की ओर से समय सीमा के अंदर पूरा कराने पर संतोष व्यक्त किया। पंडित जी के अंत्योदय यानी समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं के पहुंचने का नया शंखनाद होगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री अपने निर्धारित समय से करीब पौने तीन घंटे की देरी से लगभग 4.26 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। सीएम को 1.40 बजे पहुंचना था और 2.40 बजे वहां से रवाना होना था। उन्होंने वहां बनकर तैयार दीनदयाल की 63 फ़ीट ऊंची प्रतिमा को देखा। इसके अलावा कुंड, फव्वारा, पार्क का भी निरीक्षण किया। दीवार पर उकेरी गई दीनदयाल के जीवन दर्शन को भी उन्होंने निहारा। दीनदयाल स्मारक/संग्रहालय 3.67 एकड़ में करीब 39.67 करोड़ की लागत से निर्माण कराया जा रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री सुजाबाद में बने हेलीपैड पर पहुंचे। वहां से सड़क मार्ग से कड़ी सुरक्षा के बीच स्मारक स्थल पर पहुंचे। इस दौरान कमिश्नर दीपक अग्रवाल, एडीजी बृजभूषण,आईजी विजय सिंह मीना, डीएम चन्दौली नवनीत सिंह चहल, एसपी हेमन्त कुटियाल, वीडीए वीसी राहुल पांडेय, सीडीओ डॉ एके श्रीवास्तव, एसडीएम कुमार हर्ष, सूचना अधिकारी डॉ एस पाल, मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामशंकर पटेल, विधायक सुशील सिंह, साधना सिंह, अनिल सिंह, राणा प्रताप सिंह मौजूद रहे।
पड़ाव। गन्ना विकास शोध संस्थान परिसर में दो चरणों मे काम होना है। पहले चरण में 39.79 करोड़ से 63 फ़ीट ऊंची दीनदयाल की प्रतिमा, ओपन थियेटर, वैदिक उद्यान, इन्टरपिटेशन वाल जिसपर पंडित दीनदयाल के जीवन वृत्त को दर्शाया गया है। इसी तरह दूसरे चरण में संग्रहालय, पुस्तकालय, क्लोस्ड थियेटर, के अलावा पड़ाव चौराहे के सुंदरीकरण सहित अन्य कार्य होने है। इस पर 126 करोड़ रुपये खर्च होने है। वीडीए ने इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज है।
पड़ाव। स्मारक स्थल पर सीएम आगमन से पहले एडीजी बृजभूषण, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, आईजी विजय सिंह मीणा, डीएम नवनीत सिंह चहल, एसपी हेमन्त कुटियाल, एसडीएम कुमार हर्ष सहित अन्य अधिकारियों ने जायजा लिया। इसके अलावा 16 फरवरी को दीनदयाल की प्रतिमा का अनावरण करने आ रहे पीएम नरेंद्र मोदी के संभावित कार्यक्रम के मद्देनजर अफसरों ने स्मारक स्थल का निरीक्षण किया। इसमे 5 हजार लोगों को अंदर बैठने की तैयारी है। इसी के मद्देनजर सीएम ने भी वहां जायजा लिया।