पीडीडीयू नगर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पालिका प्रशासन ने घाटों की साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने का काम शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार को नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह और कर्मचारियों की टीम के साथ नगर के विभिन्न तालाबों और छठ घाटों का निरीक्षण किया।
चेयरमैन ने दामोदरदास पोखरा, सुभाष नगर, रामजानकी मंदिर और मुगलचक स्थित पोखरों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई की स्थिति देखी और अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा से पहले सभी घाटों की बेहतर ढंग से सफाई कराई जाए। घाटों पर जमा कूड़ा, झाड़ियां और अन्य गंदगी हटाने के साथ आसपास के रास्तों को भी व्यवस्थित किया जाए, ताकि व्रतियों और उनके परिजनों को आवागमन में परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए। कहा कि छठ पर्व पर शाम को अस्ताचलगामी सूर्य और अगली सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए।
चेयरमैन ने अधिकारियों से कहा कि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान सफाई निरीक्षक शत्रुंजय कुमार, जेई अमरजीत, सभासद सुरेंद्र चौहान, चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद, गोविंद आदि मौजूद रहे।
पीडीडीयू नगर स्थित दामोदरदास पोखरे पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करतीं चेयरमैन सोनू किन्नर व अन्