जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के चिल्हारी-भैसऊर मार्ग की 37.50 लाख से मरम्मत होगी। करीब चार किलोमीटर मार्ग के मरम्मत व नवीनीकरण के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से तैयार कार्ययोजना को शासन की मंजूरी मिल गई है। इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मार्ग बन जाने से करीब 20 गांव के 22 हजार लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। करीब पांच वर्ष से क्षतिग्रस्त भगवान तालाब से चिल्हारी-भैसऊर मार्ग का नवीनीकरण किया जाएगा। राजेश कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, प्रांतीय खंड, चंदौली ने बताया कि शासन के निर्देश पर भगवान तालाब से चिल्हारी-भैसऊर मार्ग पर मरम्मत कार्य व इसका नवीनीकरण कराने की कार्ययोजना बनाई गई है जिसे शासन की मंजूरी मिल गई है। शीघ्र टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर कार्य आरंभ कराए जाएंगे। बारिश से पहले सभी कार्य पूरे कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।