सकलडीहा। क्षेत्र के नई बाजार स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को प्रवेश उत्सव, छात्र परिचय और स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा छह में नामांकन कराने वाले छात्रों का सहायक अध्यापक अरुण रत्नाकर ने कॉपी-कलम व चाॅकलेट देने के साथ माला पहनाकर स्वागत किया। विद्यालय प्रशासन के इस पहल की अभिभावकों ने सराहना की है।
इन दिनों शासन की ओर विद्या प्रवेश कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत विद्यालय में बच्चों का नामांकन हो रहा है। नई बाजार के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छह में नये बच्चों का नामांकन उत्सव पूर्वक किया गया। प्रधानाध्यापक जमील अहमद ने बताया कि स्कूल की तरफ से यह एक छोटा सा प्रयास किया गया है जिससे विद्यालय में नामांकन की वृद्धि हो। कार्यक्रम में मौजूद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र यादव ने भी इस पहल की प्रशंसा की। कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से बच्चों का शुरू से ही स्कूल से लगाव होगा और उनमें स्कूल जाने का भय नहीं होगा। इस मौके पर सहायक अध्यापक धर्मराज प्रसाद, ज्योति भारद्वाज, सुरेश कुमार, सतीश कुमार, मृत्युंजय कुमार, बनारसी आदि रहे।