चंदौली। गर्मी की छुट्टियां समाप्त होने पर 38 दिन बाद शुक्रवार को जिले में परिषदीय विद्यालय गुलजार हो गए। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने टीका लगाकर बच्चों का स्वागत किया। पहले दिन खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई गईं, जिनमें भाग लेकर बच्चों ने मस्ती की। वहीं, मिड-डे-मील में बच्चों को कहीं हलवा तो कहीं खीर परोसी गई। जिले में 1185 परिषदीय विद्यालयों में ढाई लाख से ज्यादा छात्र-छात्राए पंजीकृत हैं। 20 मई को ग्रीष्मावकाश की घोषणा के साथ सारे स्कूल बंद कर दिए गए थे। 38 दिनों के बाद शुक्रवार को स्कूल बच्चों से फिर गुलजार हुए। चकिया के भीषमपुर, टकटकपुर, चकिया प्राथमिक विद्यालय द्वितीय, अमरा उत्तरी, भभौरा समेत कई विद्यालयों को रंगोली और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था। गेट पर बच्चों को टीका लगाकर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। बच्चों को पहले दिन पर्यटन स्थलों की सैर करानी थी, जो नहीं हो पाई। इसलिए सभी स्कूलों में खेलकूद और मनोरंजक कार्यक्रम कराए गए। हालांकि कक्षाओं का संचालन नहीं हुआ। वहीं, मिड-डे-मील में बच्चों को हलवा और खीर दी गई। बीएसए सत्येंद्र कुमार ने बताया पहले दिन बच्चों की उपस्थिति करीब 40 फीसदी रही।