पीडीडीयू नगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बृहस्पतिवार की सुबह योग मैराथन में बच्चे, बुजुर्ग और युवा दौड़े। करें योग रहें निरोग के नारे से नगर गुंजायमान रहा। भारत स्वाभिमान न्यास, पतंजलि योग समिति और आयुष मंत्रालय की ओर से आयोजित योग मैराथन को आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने हरी झंडी दिखाई।
सुभाष पार्क के समीप एक लान से शुरू हुआ योग मैराथन लाल बहादुर शास्त्री पार्क होते हुए वापस सुभाष पार्क पहुंच कर समाप्त हुआ। योग मैराथन में विभिन्न स्कूलों के बच्चों के साथ स्काउट गाइड, एनसीसी के साथ विभिन्न समाजसेवी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नागरिकों ने दौड़ लगाई। लोगों को नियमित योग करने का संदेश दिया। योग मैराथन में शामिल होने के लिए सुबह पांच बजे से लोग सुभाष पार्क के समीप लॉन में जुटने लगे। यहां योगाचार्य और पतंजलि योग समिति के जिला संयोजक, कार्यक्रम आयोजक राजेश योगी ने लोगों को योगाभ्यास कराया। इसके बाद सुबह सवा सात बजे योग मैराथन की शुरूआत हुई। मुख्य अतिथि ने कहा कि हमारे जीवन में योग का बहुत बड़ा महत्व है। सरकार योग को बढ़ावा दे रही है। हम सभी को नियमित योगाभ्यास करना चाहिए। उन्होंने 21 जून को विश्व योग दिवस पर योग शिविर में शामिल होने का आह्वान किया।