पीडीडीयू नगर। बारिश के बीच बुधवार को अलीनगर कंपोजिट विद्यालय में उस समय असहज स्थिति बन गई, जब स्कूल बंद होने के आदेश के बावजूद कई बच्चे विद्यालय पहुंच गए। अभिभावकों का कहना था कि विद्यालय बंद होने की सूचना उन्हें समय से नहीं मिली। बारिश में बच्चे स्कूल पहुंचे, तब उन्हें बंदी के आदेश की जानकारी हुई। वहीं कई निजी विद्यालयों में दो कक्षाएं चलने के बाद अवकाश किया गया।
जिला प्रशासन ने भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में बुधवार को अवकाश का आदेश जारी किया था। हालांकि बच्चों और अभिभावकों को इसकी जानकारी सुबह तक नहीं थी। अलीनगर कंपोजिट विद्यालय में कई छात्र सुबह स्कूल पहुंच गए। इसके बाद उन्हें छुट्टी की जानकारी दी गई। बीईओ नियामताबाद मनोज यादव ने बताया कि सूचना देर से मिलने के कारण बच्चों को असुविधा हुई है। वहीं, अभिभावकों ने कहा कि प्रशासन की ओर से विद्यालय बंद किए जाने की सूचना तत्काल प्रसारित की जाए, ताकि बच्चों को परेशानी न उठानी पड़े।