चंदौली। चंदौली सदर कोतवाली के बनौली खुर्द गांव के पास मंगलवार को रेलवे ट्रैक किनारे आठ वर्षीय बालक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। मृत बालक के दोनों आंख के पास चोट के निशान थे। इससे ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। बालक की पहचान मिर्जापुर जिले के जमालपुर गांव निवासी बाबूलाल के पुत्र आदर्श के रूप में हुई। आदर्श अपने ननिहाल बनौली खुर्द आया था और सोमवार की दोपहर से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मिर्जापुर जिले के जमालपुर गांव निवासी लालबाबू यादव का पुत्र आदर्श पिछले पांच महीने से अपने ननिहाल बनौली खुर्द में रह रहा था। सोमवार की शाम तीन बजे वह खेत की तरफ गया और अचानक गायब हो गया। बालक की काफी खोजबीन की गई लेकिन पता नहीं चला। इस पर परिजनों ने सदर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी। मंगलवार को शाम पांच बजे कुछ महिलाएं बनौली खुर्द गांव के उत्तर सिवान की तरफ रेलवे ट्रैक के बगल से होकर गुजर रही थी। इसी बीच उन्हें खड्ढ में एक बालक औंधे मुंह पड़ा मिला। यह देख भौचक महिलाओं ने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शोर सुनकर आदर्श के घर के लोग भी पहुंच गए। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बालक के शव को गड्ढे से बाहर निकाल पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बालक का शव मिलने से गांव में कोहराम मच गया। बडी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ पोस्टमार्टम हाउस पर एकत्र हो गई। बालक की मौत को लेकर जहां गांव में चर्चा हो रही है। वहीं परिजनों में हत्या की आशंका जताते हुए सदर कोतवाली में तहरीर दी है। इस संबंध में चंदौली के प्रभारी निरीक्षक अजय मिश्र ने बताया कि बालक का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा।