स्थानीय कोतवाली के चतुर्भुजपुर स्थित बाबा कालेश्वरनाथ तालाब में नहाते समय सोमवार को तेनुवट गांव निवासी बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कोतवाली लाकर कार्रवाई में जुट गई। तेनुवट गांव निवासी जितेंद्र राम को दो पुत्रों में छोटा नरेंद्र राम (10) सोमवार को दोपहर में 12 बजे चतुर्भुजपुर तालाब में गांव के बच्चों के साथ स्नान कर रहा था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। यह देख अन्य बच्चों ने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद पहुंचे लोगों ने बालक को किसी तरह निकालकर अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में कोतवाल हरिनारायण पटेल ने बताया कि बालक के शव को कोतवाली लाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।