पीडीडीयू नगर। दीपावली की पूर्व संध्या पर पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने डॉग स्क्वायड के साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों से किसी भी लावारिस से बचने और पुलिस को सूचना देने की अपील की। साथ ही कोविड 19 की गाइड लाइन का पालन करने की हिदायत दी। दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर ट्रेनों में और स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। ट्रेनों की संख्या भी लगातार बढाई जा रही है। इसका असर स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ के रूप में दिख रहा है। कोविड 19 के प्रोटोकाल का पालन कराना भी जरूरी है। भीड़ का फायदा अराजक तत्व न उठाएं। इसको देखते हुए शुक्रवार को जीआरपी पीडीडीयू निरीक्षक आरके सिंह और रेलवे सुरक्षा बल डीडीयू पोस्ट निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीम ने दोपहर में जांच अभियान की शुरूआत की। सुरक्षा बलों ने सभी प्लेटफार्म, यात्री प्रतीक्षलय, रेलवे ओवरब्रिज, यात्री हाल, सर्कुलेटिंग एरिया, वाहन स्टैंड, बैंक एटीएम, पार्सल घर की गहनता से जांच पड़ताल की। इस दौरान यात्रियों को सावधान रहने, कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए यात्रा के दौरान हमेशा मास्क लगाकर रखने, सामाजिक दूूरी का पालन करने को कहा।