चंदौली। जिलाधिकारी ईशा दुहन ने कोरोना को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान तैयारी के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बाहर से आने वालों की जांच कराने और अस्पतालों की लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। ताकि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि एल-यन, एल-टू व एल-थ्री अस्पतालों की लिस्ट कमांड कंट्रोल सेंटर में लगाएं। अस्पतालों का संपर्क नंबर भी इस पर अंकित किया जाए। वहीं बाहर से जनपद में आने वालों की जांच जरूर कराएं। जो लोग पीडीडीयू नगर स्टेशन पर ट्रेनों से उतरकर जिले में आते हैं, उनकी जांच जरूर कराई जाए। इसके लिए जगह-जगह प्वाइंट बनाए जाएं। अफसर-कर्मियों ने बताया कि नौबतपुर में एक टीम लगाई जाए, जो बिहार से आने वालों की जांच करेगी। वहीं अन्य जनपदों की सीमाओं पर भी इस तरह की व्यवस्था कराई जा सकती है। जिलाधिकारी ने पूरे सिस्टम को री-एक्टिव करने के निर्देश दिए।
अनुपस्थित दो कार्मिकों को नोटिस जारी करने का निर्देश : चंदौली। जिलाधिकारी ईशा दुहन के निरीक्षण के दौरान मौके पर कंट्रोल रूम के दो टेलीफोन चालू नहीं थे जिस पर तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। धान खरीद कंट्रोल रूम प्रभारी को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का संबंधित अधिकारियों को अवगत कराते हुए रजिस्टर में अंकित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर निस्तारण संबंधित जानकारी रजिस्टर में अंकित करें। कंट्रोल रूम में स्वास्थ्य विभाग से लगें दो कार्मिक अनुपस्थित पाये जाने पर नोटिस जारी करने के निर्देश प्रभारी को दिया। संवाद