समारोह में उपस्थित अधिकारी गण्ा
नगर के अग्रवाल सेवा संस्थान में बुधवार को आयोजित नारी सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं जुटीं। इसमें मुकम्मल राय यही बनी कि नारी सशक्तिकरण तभी होगा, जब महिलाएं शिक्षित होंगी। समारोह में 1090 वूमन पावर लाइन, नि:शुल्क लैपटाप वितरण, कन्या विद्या धन योजना सहित शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने बताया कि किस तरह ये योजनाएं उनके विकास में सहायक बनीं।
मुख्य विकास अधिकारी एमपी सिंह, एसडीएम मुगलसराय सत्येंद्र सिंह, एएसपी शशिकांत, सीएमओ डा. आरएन सिंह और ‘अमर उजाला’ के महाप्रबंधक यादवेश कुमार ने दीप जलाकर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान कन्या विद्या धन का लाभ पाने वाली छात्राओं ने बताया कि इस योजना की बदौलत ही उनकी पढ़ाई जारी है और वे समाज में एक मुकाम हासिल करने की ओर बढ़ रही हैं। लैपटाप पाने वाली छात्राओं ने बताया कि इससे उन्हें टेक्नालॉजी और नवीनतम जानकारियां मिल रही हैं। इस दौरान महिलाओं के विकास के लिए प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रोजेक्टर के माध्यम से बताया गया कि किस प्रकार सरकार महिलाओं के सम्मान और उनके विकास के लिए काम कर रही है। एलबीएस बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि सीडीओ एमपी सिंह ने कहा कि इस पहल को आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है।
‘अमर उजाला’ के महाप्रबंधक यादवेश कुमार ने बताया कि ‘अमर उजाला’ और प्रदेश सरकार के साझा प्रयास से सभी 75 जिलों में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके माध्यम से समाज में विशेष योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह का संचालन विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय के बीएड विभाग की प्राध्यापिका अमृता श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर एएसपी शशिकांत तिवारी, एलबीएस बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाध्यापक आभा सिंह, विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. गायत्री सिंह आदि मौजूद थे।