बेघर और वंचित लोगों के भी जुड़ेंगे नाम
विशेष अभियान के दौरान ऐसे लोगों को भी मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा, जिनके नाम अब तक दर्ज नहीं हो पाए हैं। इनमें पहली बार मतदान करने वाले युवा, नवविवाहित महिलाएं, बेघर लोग, रैन बसेरों में रहने वाले और श्रमिक कॉलोनियों में निवास करने वाले लोग शामिल हैं।
बीएलओ विशेष कैंप में मौजूद रहकर पात्र लोगों से आवेदन प्राप्त करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
भारत निर्वाचन आयोग ने एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दो नवंबर 2026 को मतदेय स्थलों का अनुमोदन होगा। 12 नवंबर को निर्वाचक नामावली का आलेख प्रकाशित किया जाएगा।
इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों का इस्तेमाल किया जा सकेगा। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।