पीडीडीयू नगर। गणतंत्र दिवस पर ट्रेनों में और रेलवे स्टेशन पर में सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को दोपहर में राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने संयुक्त रूप से मॉकड्रिल की। पीएचबी हाल में लावारिश बैग की सूचना मिलने पर सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और पूरे हाल को खाली कराया। इसके बाद डॉग स्क्वायड की टीम ने जांच पड़ताल की और इसके बाद जवानों ने सावधानीपूर्वक बैग की तलाशी ली तो उसमें से कपड़ा मिला। इसके बाद जवान और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
पूर्वाभ्यास के तहत दोपहर दो बजे किसी ने आरपीएफ ओर जीआरपी को सूचना दी कि यात्री हाल में टिकट काउंटर के समीप एक कुर्सी के नीचे लावारिश बैग पड़ा है। इस सूचना के बाद सुरक्षा बलों के कान खड़े हो गए। जीआरपी डीडीयू प्रभारी आरके सिंह, अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार, आरपीएफ डीडीयू पोस्ट प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार, एएआई रामदास, एएसआई राजेशचंद, एसआईबी प्रभारी आरआर दुबे, सीआईबी की टीम और डॉग स्क्वायड की टीम को साथ लेकर पीएचबी हाल में पहुंचे और संदिग्ध बैग वाले स्थान से यात्रियों को सुरक्षित तरीके से हटाया। इसके बाद रस्सी का घेरा बनाया। स्नीफर डॉग ने बैग को सूंघा। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी के दो दो जवान जमीन पर रेंगते हुए पहुंचे बैग को खोलकर देखा। बैग में कपड़े मिले। इस पर यात्रियों को निश्चित किया गया। पूर्वाभ्यास के बाद संयुक्त टीम ने अप और डाउन की विभिन्न ट्रेनों में संदिग्ध यात्रियों और सामान की जांच पड़ताल की। इसी तरह प्लेटफार्मों, यात्री प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, वाहन स्टैंड पर वाहनों की जांच पड़ताल की। जीआरपी प्रभारी आरके सिंह और आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि जांच पड़ताल लगातार जारी रहेगी।