धानापुर । कस्बा स्थित अमरवीर इंटर कालेज के मैदान में चल रहे नौ दिवसीय राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता के नौवें दिन शुक्रवार को सेमी फाइनल खेला गया। इसमें चार टीमों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान बरेली हॉस्टल 1-0 गोल और 39 जीटीसी रेजिमेंट भी 1-0 गोल से विजयी हुई। अब दोनों टीमें फाइनल मुकाबले में आपस में भिड़ेंगी।
मैदान में दिन के एक बजे पहला मैच अयोध्या हॉस्टल बनाम बरेली हॉस्टल के शुरू हुआ। मैच के मध्यांतर बाद ठीक 7वें मिनट में बरेली हॉस्टल के सूरज ने पहला गोल मारा। मैच के अंत तक विपक्षी टीम एक भी गोल नहीं कर पाई। जिससे बरेली हॉस्टल की टीम विजयी घोषित हुई। इसके बाद दूसरा मैच तीन बजे 39 जीटीसी रेजिमेंट बनाम मुरादाबाद हॉस्टल के बीच हुआ। मैच के मध्यांतर बाद ठीक 9वें मिनट में 39 जीटीसी के सुनील थापा ने पहले गोल से खाता खोला। इसके बाद कोई भी गोल नहीं हुआ। इस प्रकार बरेली और 39 जीटीसी अपने-अपने सर्वाधिक अंक 1-0 गोल को प्राप्त करते हुए फाइनल में पहुंच गई। शनिवार को होने वाले फाइनल मैच में बरेली हॉस्टल और 39 जीटीसी टीमें आपस में भिडेंगी। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि अखिलेश सिंह संरक्षक अमर वीर इंटर कालेज व दयाल शरण यादव पूर्व ग्राम प्रधान डेढ़वलिया ने दोनों मैचों की टीमों के खिलाड़ियों से मैदान में परिचय प्राप्त कर खेल का आरम्भ कराया। इस अवसर पर डॉ. देवेंद्र यादव, अध्यक्ष तौहिद खां, सरफराज खान मंत्री, मुनव्वर खान, बाबू अली, शहंशाह, जैद, आतिफ, तौहीद दर्शक मौजूद रहे।