चंदौली। जिले में अलग अलग स्थानों पर हुए तीन हादसों में चार लोग जख्मी हो गए। इसमें अत्यंत गंभीर रूप से जख्मी एक युवक अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं एक की हालत चिंताजनक देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्राम सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
पहली घटना ताराजीवनपुर गांव के समीप हुई। बाइक सवार सकलडीहा से मुगलसराय जा रहे थे, तभी अलीनगर-सकलडीहा मार्ग पर ताराजीवनपुर के पास बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी, इससे खड़ान, धानापुर निवासी गंगा प्रसाद (40) और पीडीडीयू नगर के नई बस्ती निवासी सोनू (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घायलों को 108 एंबुलेंस को सूचना दी। अस्पताल जाते वक्त गंभीर रूप से जख्मी सोनू की मौत हो गई। वहीं गंगा प्रसाद की हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी सेंटर रेफर कर दिया। दूसरी घटना भगवान तालाब पुलिया के पास नेशनल हाइवे पर हुई। बिहार प्रांत के रामगढ़ निवासी धर्मेन्द्र (40) अपने इनोवा कार से वाराणसी से घर लौट रहे थे, तभी भगवानपुर के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और वे डिवाइडर पर रखे बोल्डर से जा टकराए। घटना में इनोवा कार क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं उसमें सवार धर्मेन्द्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों ने घायल युवक को जिला अस्पताल ले गए। यहां उसका उपचार चल रहा है। तीसरी घटना नवहीं पुलिया के पास की है। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पलट गयी। इस दुर्घटना में बाइक सवार कांटा निवासी दीपक उर्फ बब्बू (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने घायल के पैर में गंभीर चोट देख वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।