पीडीडीयू नगर। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की तैयारियां गिरजाघरों में जोर-शोर से चल रहीं हैं। गिरजाघरों को रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाने के साथ विशेष प्रार्थना की तैयारियां अंतिम चरण में है। नगर के यूरोपियन कॉलोनी स्थित क्राइस्ट द किंग चर्च में बाल यीशु के जन्म को लेकर चरनी सजाई जा रही है। दूसरी तरफ पूरे चर्च की विद्युत झालरों से सजाया गया है।
प्रभु यीशु के जन्म दिन की तैयारी पिछले एक माह से चल रही है। इस मौके पर कलाकार गिरजाघरों में प्रभु यीशु के जन्म से संबंधित झांकियां बनाने व उन्हें सजाने में व्यस्त हैं। मसीही समुदाय के लोगों के घरों में कैरोल गीत गाए जा रहे हैं। वहीं बाजार व घरों में कई प्रकार के केक तैयार किए जा रहे हैं। 24 जनवरी को आधी रात के वक्त यूरोपियन कॉलोनी स्थित बाल यीशु चर्च में यीशु मसीह का जन्मदिन समारोह पूर्वक मनाया जाएगा। इस दौरान विशेष प्रार्थना की जाएगी। इसके अगले दिन 25 दिसंबर को चर्च परिसर व आसपास भव्य मेला लगेगा। इसको लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। चर्च के फादर विपिन सीजे ने बताया कि पर्व की तैयारियां पूरी हो चुुकी हैं। प्रतिदिन विशेष प्रार्थना सभाओं का दौर जारी है। चर्च परिसर में बाल यीशु के जन्म से संबंधित झांकियों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। वहीं परिसर में चरनी सजाई जा रही है।