कंदवा। क्षेत्र के बरहनी गांव स्थित मां मंशादेवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गायत्री शक्तिपीठ की ओर से आयोजित तीन दिवसीय नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के पहले दिन बृहस्पतिवार को कन्याओं व महिलाओं ने गाजेबाजे के साथ कलश यात्रा निकाली। इस दौरान पीले परिधान धारण कर महिलाएं, बच्चियां और किशोरियां सिर पर कलश लेकर चल रहीं थी। कलश यात्रा मां मंशादेवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित यज्ञ मंडप प्रांगण से शुरु होकर पूरे गांव का भ्रमण कर वापस यज्ञमंडप प्रांगण पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु गायत्री माता की जय, धर्म की जय हो, विश्व का कल्याण हो आदि नारे लगाते चल रहे थे। वहीं कलश यात्रा में शामिल बच्चे हाथ में तख्तियां लेकर लोगों से नशे से दूर रहने और स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने की अपील करते चल रहे थे। शाम चार बजे से आयोजित संगीतमय प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन किया गया। कथा सुन श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे। गायत्री शक्तिपीठ के ट्रस्टी धनंजय सिंह ने बताया कि शांति कुंज हरिद्वार से आए विद्वानों द्वारा शनिवार को सामूहिक जप, प्रज्ञा योग, देवपूजन, नारी जागरण गोष्ठी सहित विविध संस्कार व दीप यज्ञ के कार्यक्रम संपन्न होंगे। वहीं अंतिम दिन रविवार को पुंसवन, नामकरण, यज्ञोपवीत, मुंडन, विद्यारंभ, दीक्षा, विवाह आदि संस्कार सम्पन्न कराए जाएंगे। इस दौरान हरिद्वार सिंह, सुनील सिंह, डा. समर बहादुर सिंह, सुरभि जायसवाल, आकांक्षा, अनुप्रिया, लक्ष्मी, बबिता, तनु, रेखा, आंचल, अशोक वर्मा आदि लोग मौजूद रहे।