पीडीडीयू नगर। ठंड और कोहरे के आगे रेलवे प्रशासन लाचार दिख रहा है। समय से ट्रेनों के चलाने का दावा फेल होता नजर आ रहा है। ठंड की वजह से सोमवार को 12 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। वहीं अप और डाउन की ट्रेनें घंटों देरी से रवाना हुई। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। राजधानी एक्सप्रेस भी एक से दो घंटे की देरी से चल रही है।
पिछले दिनों हुई बारिश के बाद ठंड और कोहरे का असर बढ़ गया है। ऐसे में रेलवे की ओर से ट्रेनों को समय से चलाने के लिए इंजन में लगाए गए फाग डिवाइस सहित तमाम उपाय भी फेल हो गए हैं। सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय से गुजरने वाली अप और डाउन की 12 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। वहीं जो ट्रेनें चली, वह भी घंटो देरी से स्टेशन पर पहुंची। सोमवार को अप की ओर जाने वाली फैजाबाद पैसेंजर, वाराणसी पटना मेमो, महाबोधि एक्सप्रेस, उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस, संतरागाछी एक्सप्रेस, कुंभ एक्सप्रेस और जम्मूतवी एक्सप्रेस तथा डाउन की ओर जाने वाली फैजाबाद पैसेंजर, ब्रह्मपुत्र मेल, उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस, बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस निरस्त रही। वहीं डाउन की ओर जाने वाली दून एक्सप्रेस आधा घंटे, पंजाब मेल एक घंटे, अर्चना सवा घंटे, जोधपुर एक्सप्रेस ढाई घंटे, कोटा पटना 27 घंटे, नार्थईस्ट एक्सप्रेस सवा दो घंटे, चंबल एक्सप्रेस डेढ घटे, भुवनेश्वर विकली सुपरफास्ट दो घंटे, नंदन कानन सवा तीन घंटे, सीमांचल दो घटे, गंगा सतलज एक घंटे, कालका मेल साढ़े तीन घंटे, हिमगिरी ढाई घंटे, डाउन महाबोधी एक घंटे, महानंदा सवा चार घंटे, डिब्रूगढ़ राजधानी एक घंटे, भुवनेश्वर राजधानी चालीस मिनट तथा अप की ओर जाने वाली बाड़मेर एकसप्रेस दो घंटे, सहरसा हमसफर एक घटे, अप आनंद बिहार जन साधारण डेढ घंटे, पूर्वा एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से रवाना हुई।