सकलडीहा। बीते दिनों बारिश में कच्चे मकानों के गिरने के बाद भुक्तभोगियों को अब तक न तो सरकारी मुआवजा मिला है और न ही आवास। इससे नाराज किसानों ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बीडीओ और तहसील प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।साथ ही शीघ्र मुआवजा और आवास न दिए जाने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।
किसान यूनियन के नेताओं ने कहा कि किसानों और गरीब महिलाओं का समूह बीते कई दिनों से बारिश में गिरे मकानों का मुआवजा और आवास के लिए तहसील और ब्लॉक का चक्कर काट रहे हैं। संपूर्ण समाधान दिवस से लेकर ब्लॉक में बीडीओ और एसडीएम को सूची देने के बाद भी विभागीय अधिकारी मौन है। आरोप लगाया कि बीडीओ के असहयोग से गरीबों को परेशानी हो रही है। चेताया कि शीघ्र ध्वस्त घरों का मुआवजा न दिए जाने और पीएम आवास नहीं बनवाए जाने पर किसान आंदोलन व बीडीओ का पुतला दहन करने को बाध्य होंगे।। प्रदर्शन करने वालों में जितेंद्र तिवारी, तहसील अध्यक्ष रामअवतार सिंह, जमुना चौबे, रामनरायण, शंभू गुप्ता, त्रिभुवन तिवारी, महेंद्र पाल, रमाशंकर, संजय तिवारी, सुरेश राय, जयप्रकाश राय, सुशीला देवी शामिल रहे।