चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को पुलिस और बैंकों के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें डीएम नवनीत सिंह चहल और एसपी हेमंत कुटियाल ने बैंकों की ओर से की गई सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने बैंकों में उच्च छमता के सीसी टीवी कैमरे तथा आगंतुक रजिस्टर रखने का निर्देश दिया। ताकि बैंक आने जाने वालों का नाम पता दर्ज किया जा सके। साथ ही अलग से हेल्प डेस्क बनाने के लिए कहा।
बैठक के दौरान डीएम नवनीत सिंह चहल ने कहा कि बैंकों के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। क्योकि थोड़ी लापरवाही के चलते बैंकों तथा उपभोक्ताओं को नुकसान हो सकता है। चोर और उचक्के अक्सर बैंकों के बाहर सक्रिय होते है। बैंकों में सुरक्षा के इंतजाम होने पर ऐसे लोगों को चिन्हित करके कार्रवाई करने में आसानी होगी। कहा कि प्रत्येक बैंक में एक आगंतुक रजिस्टर रखा जाय। जिसपर बैंक आने प्रत्येक व्यक्ति का नाम पता और मोबाइल नंबर दर्ज किया जाय। एसपी हेमंत कुटियाल ने कहा कि बैंक की ओर उच्च छमता के सीसी टीवी कैमरे लगाए जाय। ताकि वारदात होने के बाद आरोपी की पहचान की जा सके। साथ ही अलार्म सिस्टम दुरुस्त हो। ताकि किसी भी विषम परिस्थिती में अलार्म बजाकर बैंक कर्मी लोगों को सचेत कर सके। इस दौरान एएसपी प्रेमचंद्र, एलडीएम पीके झा, नवीन श्रीवास्तव उपस्थित रहे।