चकिया। शहाबगंज विकास खंड के अमाव गांव में गली में अतिक्रमण के चलते वहां जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को चकिया तहसील में पहुंचकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम सीपू गिरी को पत्रक सौंपकर अतिक्रमण हटाने की मांग की।
ग्रामीणो के अनुसार चौहान व अनुसूचित बस्ती के लोगों के नाबदान के पानी की निकासी गांव से पूरब तरफ की गली में होती है। गांव के ही दबंग लोगों ने गली पर अतिक्रमण कर लिया है। जिससे गंदा पानी गली में भरगया है। इससे संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका है। आरोप लगाया कि इस बाबत कई बार शहाबगंज पुलिस, खंड विकास अधिकारी व तहसील प्रशासन को पत्र दिया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। चेताया कि यदि एक सप्ताह के भीतर गली से अतिक्रमण हटाकर पानी निकासी की व्यवस्था व आवागमन सुलभ नहीं कराया गया तो तहसील मुख्यालय पर ग्रामीण भूख हड़ताल करने को विवश होंगे। इसके बाद एसडीएम सीपू गिरी ने मौके पर राजस्व कर्मियों को भेजा, वहीं ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि हर हाल में आवागमन सुचारू कराया जाएगा। इस दौरान राम प्रसाद, रामा चौहान, मन्ना, रीमा, मीरा, अनीता, शकुंतला, हरदेव मौजूद रहे।