पीडीडीयू नगर। यात्रा के दौरान तबियत खराब होने पर यात्रियों को इधर-उधर परेशान होने की जरूरत अब नहीं पड़ेगी। पीडीडीयू जंक्शन पर अब चौबीसो घंटे चिकित्सकीय सुविधा मिल सकेगी। इससे यात्रा के दौरान गंभीर रूप से बीमार यात्रियों को की जान बच सकेगी। इसके लिए स्थानीय रेलवे स्टेशन पर एक बेड के आकस्मिक चिकित्सा केंद्र की स्थापना की जाएगी। प्लेटफार्म संख्या एक और दो पर फूडप्लाजा के समीप खुलने वाले केंद्र पर चौबीसों घंटे चिकित्सक और दवाइयां उपलब्ध रहेगी। एक महीने में यह केंद्र काम करने लगेगा। बता दें मुंबई के मुलुंद रलेवे स्टेशन के बाद यह देश का दूसरा स्टेशन होगा जहां आकस्मिक चिकित्सा केंद्र की सुविधा होगी।
हावड़ा-दिल्ली रूट पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय अति व्यस्त रेलवे स्टेशन है। प्रतिदिन यहां से तीन सौ से अधिक ट्रेने गुजरती है। वहीं प्रतिदिन लगभग बीस हजार यात्री ट्रेनों पर सवार होते हैं और उतरते हैं। लंबी यात्रा के दौरान अक्सर यात्री बीमार हो जाते हैं। वैसे तो रेलवे यात्रियों के इलाज की व्यवस्था करती है। कंट्रोल की सूचना पर पूर्व मध्य रेलवे लोको मंडलीय अस्पताल से चिकित्सकों की टीम पहुंचती है। वहीं बीमार यात्रियों को लोको अस्पताल में इलाज किया जाता है। रेलवे स्टेशन से अस्पताल दो किलोमीटर की दूरी पर है। ऐसे में अचानक बीमार होने वाले यात्रियों तक चिकित्सकों को पहुंचने में देरी हो जाती है। यदि चिकित्सक पहुंच भी जाते हैं तो हृदयाघात जैसे हालात में अस्पताल पहुंचने की सलाह देते हैं और देर होने से यात्री की मौत हो जाती है। पिछले एक सप्ताह से तीन यात्रियों की मौत हो चुकी है। वहीं चार यात्रियों को गंभीर हाल में अस्पताल में भर्ती कराया गया। अक्सर ही स्टेशन पर स्टेशन पर महिला के जच्चगी की बात सामने आती है। इसको देखते हुए रेलवे ने आकस्मिक चिकित्सा केंद्र की स्थापना की योजना तैयार की है। प्लेटफार्म संख्या एक और दो पर फूडप्लाजा के समीप भवन में इसे खोला जाएगा। स्टेशन निदेशक हिमांशु शुक्ला ने बताया कि यहां एक बेड के अलावा चौबीस घंटे चिकित्सक और चिकित्सा कर्मियों की तैनाती रहेगी।
आकस्मिक चिकित्सा केंद्र के लिए पूरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। यहां तैनात चिकित्सक यात्रा के दौरान बीमार यात्रियों का इलाज करेंगे जिससे उन्हें सहूलियत मिल सकेगी। इससे इलाज में देरी अथवा अभाव में किसी की जान नहीं जाएगी। डॉ. एके सिंह प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, ईसीआर लोको मंडलीय अस्पताल, पीडीडीयू नगर