चहनियां। चहनियां से गाजीपुर जाने वाले मार्ग पर नो इंट्री लगने के बाद सड़क किनारे खड़े ट्रकों के चलते सैदपुर तिरगावा पक्का पुल से सेमरा गांव तक जाम लग जा रहा हैं। आठ किलोमीटर की यह दूरी तय करने में लोगों को काफी परेशानी होती है। बुधवार को भी इस मार्ग पर यातायात की स्थिति दयनीय रही। जाम कें फंसी कार, बाइक व विभिन्न सवारी वाहनों में सवार लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि सड़कों पर ट्रकों के खड़ा होने के चलते सड़क की चौड़ाई की कम हो जा रही है, इससे जाम की स्थिति बन जाती है।
चंदौली के विभिन्न क्षेत्रों से सैदपुर की ओर लोडेड ट्रकों को भेजा जाता है, वहीं वाराणसी से बलुआ पुल होते हुए खाली गाड़ियां जिले में आती है। रात में दस बजे से सुबह पांच बजे तक नो इंट्री खुलने के बाद मार्गो पर ट्रकों का आवागमन लगा रहता है। वहीं सुबह पांच बजे नो इंट्री लगते ही ट्रक चालक सड़क किनारे वाहनों को खड़ा कर देते है। दिन में मार्ग पर चलने वाले दूसरे वाहनों को जगह नहीं मिलने के चलते जाम लगा जाता है। बुधवार को सैदपुर तिरगावा पक्का पुल से सेमरा गांव तक आठ किलोमीटर लंबे मार्ग पर दिनभर जाम लगा रहा है। इससे लोगों का काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस संबंध में सीओ सकलडीहा प्रदीप सिंह चंदेल का कहना रहा कि सुबह पांच बजे तक अलीनगर की ओर से वाहनों को इंट्री होती रहती है। जब तक वाहन इस क्षेत्र में पहुंचते है तब नो इंट्री लग जाती है। इससे चालक ट्रकों को सड़क किनारे ही खड़ा कर देते है। बताया कि पुलिस को निर्देशित किया गया है लगातार गश्त करें और मार्ग पर जाम न लगे इस बात पर विशेष ध्यान दें।