सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव में बुधवार को गोबर पाथने के बाद नहर किनारे हाथ धोने के दौरान राधिका देवी (45) का पैर फिसल गया जिससे वह गहरे पानी में चली गई। जिससे उसकी पानी डूबने से मौत हो गई। बाद में ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने महिला का शव नहर से बाहर निकाला और उसे कोतवाली ले आई। जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। महिला की मौत के बाद से उसके बच्चों का रो-रोकर बुरा हो गया।
सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के नई बाजार पुलिस चौकी क्षेत्र निवासिनी राधिका देवी (45) पत्नी स्व. जगचारी राय मेहनत मजदूरी कर अपने तीन पुत्र रविन्द्र (25), विरेन्द्र (23), विजेंद्र (20) व एक पुत्री अंजनी राय (17) का भरण पोषण करती थी। बुधवार को दिन में वह घर के ही पास गोबर पाथने गई हुई थी। काम खत्म करने के बाद वह हाथ धोने के लिए नहर किनारे गई। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। कुछ देर बाद महिला शव नदी में उतराया मिला। वहां गुजर रहे राहगीरों की निगाह जब महिला पर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से महिला के शव को नहर से बाहर निकाला। ग्रामीणों के अनुसार महिला मेहनत कर अपने परिवार का भरण पोषण करती थी। बाद में पुलिस महिला का शव लेकर कोतवाली ले आई। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। इस बावत कोतवाल रहमतुल्लाह खां ने बताया कि महिला की नहर में गिरने से मौत हुई है । शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।