नौगढ़। स्थानीय सीएचसी पर तहसील के डुमरिया गांव की आई प्रसूता के सोमवार को एकसाथ तीन शिशुओं को जन्म देना कौतूहल का विषय बना रहा। सामान्य प्रसव में जन्म लेने वाले शिशुओं में दो पुत्र व एक पुत्री शामिल हैं। डाक्टरों के अनुसार प्रसूता व शिशुओं की हालत सामान्य होने के बाद भी एहतियातन उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
डुमरिया गांव की सुनीता को सोमवार को परिजन प्रसव कराने सीएचसी पर ले आए। अस्पताल पर मौजूद चिकित्सक डॉ. राजू पटेल ने परीक्षण के बाद स्टाफ नर्स बसंती को प्रसव कराने को कहा। प्रसव के दौरान महिला ने दो पुत्रों और एक पुत्री को जन्म दिया। डाक्टर ने बताया कि जन्म लेने वाले बच्चों में पहला बच्चा 1.50 किलोग्राम, दूसरा 1.150 किलोग्राम और तीसरी कन्या का वजन 1.35 किलोग्राम के हैं। चिकित्सा अधीक्षक अवधेश पटेल ने बताया कि सामान्य और सुरक्षित प्रसव के बाद भी महिला का समुचित इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं महिला को तीन बच्चे होने की सूचना फैलने पर अस्पताल में देखने वालों को तांता लगा रहा।