नियामताबाद। स्थानीय विकास खंड के कठौडी मे बन रहे पशु आश्रय केंद्र के निर्माण की धीमी गति से क्षेत्र के किसानों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने निर्माण में तेजी लाने और इलाके में घूमने वाले छूट्टा पशुओं के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
छुट्टा पशुओं के ग्रामीण इलाके में घूमने और खड़ी फसलों को नष्ट करने की समस्या से निजात दिलाने के लिए पशु आश्रय स्थलों का निर्माण कराया जा रहा है। ब्लाक के कठौड़ी पशु आश्रय स्थल का निर्माण किया जा रहा है लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण अत्यंत धीमी गति से हो रहा है। क्षेत्र के नियामताबाद गांव, पांडेयपुर, सरने छौरा, ददवापर सहित आस पास के गांवों में सैकड़ों की संख्या में छुट्टा पशु घूम रहे हैं और रेणा ले रही धान की फसलों को निवाला बना रहे हैं। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। किसानों ने इसकी शिकायत खंड विकास अधिकारी से की लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस संबंध मे एडीओ पंचायत आरके सिंह ने कहा कि कठौडी मे बन रहा पशु आश्रय स्थल इसी वित्तीय वर्ष में तैयार जाएगा। इसके बाद ही इस समस्या से निजात मिल सकेगी। कहा कि हमें पशुओं को जिले के अन्य केंद्र पर ले जाने का कोई निर्देश पत्र नही मिला है। क्षेत्र के कमला सिंह, गोविंद सिंह, मंगल गोंड, सतेन्द्र सिंह, बबलू सिंह, रामधारी गुप्ता, अजीज मियां, नीरज आदि किसानों ने डीएम से पशु आश्रय स्थल का निर्माण तेजी से कराने और छुट्टा पशुओं के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की है।