पीडीडीयू नगर। नगर पालिका परिषद अंतर्गत चालीस फीट रोड क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे लोगों ने दुर्व्यवस्थाओं से क्षुब्ध होकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया क्षेत्र में साफ-साफ सफाई के अभाव से गंदगी का अंबार लगा हुआ है, वहीं विभागीय लापरवाही के चलते लोग सरकारी नल से पानी के लिए तरस रहे है। क्षेत्र जलभराव से डेंगू जैसे मच्छरों के पनपने का खतरा भी बना हुआ है।
नगर पालिका में आने वाले चालीस फीट रोड क्षेत्र के अंतिम छोर पर बने मकान पटेल नगर और पथरा वार्ड क्षेत्र में पड़ते है। दो वार्डो का क्षेत्र होने के चलते वहां कई दिनों से विकास कार्य बाधित है। लोगों ने आरोप लगाया कि मार्ग के बीच में लगा विद्युत पोल से काफी परेशानी होती है जबकि इस पर लगी तारों को पास के पोल पर शिफ्ट कराने के लिए जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों तक से गुहार लगाई जा चुकी है लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में साफ-सफाई नहीं होने से गंदगी का अंबार लगा हुुआ है वहीं सुअरों की भरमार है जो जगह- जगह गंदगी फैलाते है। इससे संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना हुआ है। आरोप लगाया कि पालिका की ओर से पास की मृत गोवंश को आबादी के बीच खाली पड़ी एक जमीन पर दफना दिया गया जिससे क्षेत्र में काफी बदबू फैल रही है। कई बार इसकी शिकायत जन प्रतिनिधियों से लेकर नगर पालिका के अधिकारियों से की जा चुकी है लेकिन कोई भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने क्षेत्र में व्याप्त दुव्यर्वस्था को दूर करने की मांग की है। इस दौरान जित्तू यादव, विनोद जायसवाल, गौरीकांत, राहुल यादव, रामबली यादव, सुभाष यादव, अश्वनी तिवारी, डा. हरेंद्र यादव, वंशराज, संजय, श्याम, आकाश, सूरज मेहरोत्रा मौजूद रहे।