सैयदराजा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चल रही गांधी संकल्प यात्रा के दूसरे दिन गुरुवार को सांसद व केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के दुधारी गांव से पदयात्रा निकाली। इस दौरान सांसद व कार्यकर्ताओं ने मनराजपुर, मरूई, धारूपुर, बरठी, परेचा, नौबतपुर, मानिकपुर आदि गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से गांधी जी के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया उन्होंने कहा कि गांधी के विचारों को अपनाने से ही स्वच्छ और मजबूत राष्ट की कल्पना साकार होगी।
पदयात्रा आरंभ होने से पूर्व दुधारी गांव स्थित भीम बाबा मंदिर के प्रांगण में सांसद व केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में पूरे देश में पदयात्रा का कार्यक्रम चल रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारधारा को अपनाकर हम स्वच्छ भारत का निर्माण और विकास कर सकते हैं। कहा भाजपा सही मायने में गांधी जी के आदर्शों को साकार कर रही है। पूर्व की सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी सरकारों ने गांधी जी के नाम पर केवल सत्ता हासिल की पर उनके आदर्शों को भूल गए। पदयात्रा में शामिल विधायक सुशील सिंह ने कहा कि पदयात्रा 31अक्टूबर तक सरदार बल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि तक चलाई जाएगी। कहा कि सैयदराजा विधानसभा के बरठी कमरौर गांव में मेडिकल कॉलेज खोलने की औपचारिकता पूरी कर दी गई है। इस कालेज के खुलने से आसपास के लोगों को रोजगार मिलने के साथ क्षेत्र का विकास संभव होगा। पदयात्रा में राजकिशोर सिंह, राजेश कुमार सिंह, नगर पंचायत चेयरमैन वीरेंद्र जायसवाल, ब्लाक प्रमुख गुड्डू गुप्ता, अनिल सिंह, राणाप्रताप सिंह, महेंद्र सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, राजेश सिंह, मीना सिंह, अमित अग्रहरि, अरूण मौर्य, विशाल मद्देशिया, पवन सिंह, रामजी तिवारी, अक्षय कुमार सिंह, बच्चा बाबू अग्रहरि शामिल रहे। सभा का संचालन गोपाल सिंह ने किया।