चकिया।। नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में सोमवार को बच्चा बदलने की अफवाह से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। बच्चा बदलने का आरोप लगाने वाली महिला के परिवार वालेे कोतवाली पहुंच गए। शिकायत पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची। बाद में पड़ताल के बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी ने महिला का ही बच्चा होने की बात कही। चिकित्सक ने बच्चे का डीएनए टेस्ट कराकर उसे मां के डीएनए से मेल कराने की बात कही। जिसपर लोग शांत हुए।
कोतवाली क्षेत्र के भटवारा कलां गांव की अन्जू को रविवार की रात बच्चा पैदा हुआ। बच्चे को लड़का बताकर अस्पताल की किसी महिला दाई ने लड़का होने के नाम पर पांच सौ रुपया ले लिया गया। जब बच्चे की पहचान लड़की के रूप में हुई तो परिजन भड़क गए। इसके बाद परिवार के लोग कोतवाली पहुंच गये। कोतवाली पुलिस परिजनों को लेकर अस्पताल पहुंची तब प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. सुजीत कुमार ने बच्चे का वजन कराया जो अंजू के हुए बच्चे के समान निकला। इसके उपरांत प्रभारी चिकित्साधिकारी ने फर्जी लड़का बताकर पैसा वसूलने की कोशिश को गलत बताया तथा परिजनों को बच्चे का डीएनए टेस्ट कराकर उन्हें प्रमाण देने का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया।