सैयदराजा। नगर पंचायत के उत्तरी बाजार वार्ड नंबर 12, लोहिया नगर में पेयजल आपूर्ति के लिए लगी पानी की टंकी की बोरिंग शुक्रवार को ध्वस्त हो जाने से पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। इस कारण उत्तरी बाजार सहित कई मोहल्लों में पेयजल के लिए परेशानी हो गई है। नगर पंचायत के कर्मचारियों ने शुक्रवार की रात 11 बजे तक ध्वस्त टंकी की बोरिंग को बनाने का कार्य किया लेकिनसफलता नहीं मिली। शनिवार को भी आपूर्ति के लिए किया गया प्रयास असफल रहा।
लोहिया नगर की पानी की टंकी से उत्तरी बाजार सहित गांधी नगर, अबुल कलाम नगर, किदवई नगर, आजाद नगर व लोहिया नगर सहित आंशिक मनराजपुर को पेयजल की आपूर्ति होती है। शुक्रवार को टंकी की बोरिंग ध्वस्त हो जाने के कारण इन पांचों वार्डो सहित कुछ गांवों मे पेयजल के लिए हाहाकार मचा हुआ है। इन वार्डो के लोग पानी के लिए हैंडपंपों व कुएं से पानी लेने को विवश हैं। पानी भरने को लेकर उनमें आपस में मारपीट भी हो जा रही है। नगर पंचायत के नागरिकों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल ध्वस्त बोरिंग के स्थान पर नई बोरिंग कराकर पेयजल आपूर्ति सुचारू कराए जाने की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र जायसवाल का कहना है कि नयी बोरिंग का कार्य अविलंब शुरू कराकर पेयजल की आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।