कंदवा। बरहनी विकासखंड के दो अलग-अलग विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों नेबरहनी बीईओ को पत्रक देकर एक-दूसरे से जान-माल का खतरा बताया है। बीईओ राकेश सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्रिस्तरीय कमेटी गठित कर मामले की निष्पक्ष जांच कर एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
सिसौरा स्थित प्राथमिक विद्यालय पर प्रधानाध्यापक डा. जयकुमार सिंह व सहायक अध्यापक कमलेश प्रसाद कार्यरत थे। कुछ दिनों पूर्व डा. जयकुमार सिंह का स्थानांतरण चखनिया प्राथमिक विद्यालय मेें प्रधानाध्यापक के पद पर हो गया। उनके जाने के बाद वरिष्ठता के आधार पर कमलेश प्रसाद को सिसौरा स्कूल के प्रधानाध्यापक का पदभार सौंप दिया गया। कभी एक ही विद्यालय पर प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक रहे शिक्षकों ने एक दूसरे से अपनी जान का खतरा बताया है। इस संबंध में कमलेश प्रसाद ने 17 सितंबर व जयकुमार सिंह ने 19 सितंबर को बीएसए को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज है। प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए बीईओ बरहनी ने त्रिस्तरीय टीम गठित कर दी है। बीईओ ने बताया कि त्रिस्तरीय जांच कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार परविभागीय कार्रवाई की जाएगी।