कंदवा। बरहनी विकास खंड के गोरखा गांव मे शुक्रवार की देर रात 10 लोग डायरिया की चपेट में आकर बीमार हो गए। डायरिया फैलने की सूचना पर शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बरहनी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. रितेश कुमार के नेतृत्व में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में आठ लोगों को दवाएं दी गई तथा बीमारी में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। डायरिया पीड़ित दो बच्चों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर किया जा रह है जबकि गम्भीर रूप से पीड़ित दो महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गोरखा गांव की दलित बस्ती में शुक्रवार की रात शिवदत्त की पत्नी पुष्पा (35) को उल्टी दस्त शुरू हो गई। उसके बाद रामआशीष के पुत्र अनिल (6) और बेटी गुंजा (12) को भी उल्टी दस्त शुरू हो गयी। सभी का डेहरियाडीह स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। शनिवार की सुबह घर आने पर उनकी हालत फिर से बिगड़ गई तो उन्हें एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पर लाया गया। जहां पुष्पा की स्थिति खराब देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं गुंजा, अनिल का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बरहनी में चल रहा है । सूचना मिलने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. रितेश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम दलित बस्ती में पहुंची और जांच कर दवाओं का वितरण किया गया। इस दौरान ममता (30 ) को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेंजा गया तथा काजोल (05) , नेहा (02) , राहूल (12), रजनीश (09), आदर्श (05), मुलायम (50) आदि लोगों दस्त की दवा ओआरएस पैक दिया गया । चिकित्सक रितेश ने सभी लोगों को ताजा भोजन करने तथा पानी उबाल कर पीने की सलाह दी। कहा कि अगर थोड़ी भी तबियत खराब हो फौरन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पहुंचे। टीम में डा. एसपी त्यागी, डा. संजय सिंह, श्रीनिवास, लक्ष्मी राव, तेज प्रताप, विक्रांत सिंह, ओपी चौधरी, विकास तिवारी, पीयूष दुबे, तारकेश्वर, दीपक मौजूद रहे ।