पड़ाव/धानापुर। उमसभरी गर्मी में ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों के जलने सहित अन्य गड़बड़ियों का सिलसिला जारी है। जले ट्रांसफार्मरों को बदलने में बिजली विभाग की सुस्ती ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। मंगलवार को भी पड़ाव के भोजपुर गांव में लगा ट्रांसफार्मर व सोमवार की रात धानापुर विकासखंड के आवाजापुर फीडर की ट्राली तेज आवाज के साथ जल गए। इससे दोनों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली न रहने से ग्रामीणों को उमसभरी गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पड़ाव-रामनगर मार्ग स्थित भोजपुर गांव के समीप जीटी रोड के किनारे लगे 63 केवीए के ट्रांसफार्मर में सुबह नौ बजे के करीब अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में ट्रांसफार्मर धूं-धूंकर जलने लगा। ट्रांसफार्मर में लगी आग देखकर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।उन्होंने इसकी सूचना बिजली विभाग व फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने आपूर्ति काट दी। वहीं मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने ग्रामीणों की सहायता से ट्रांसफार्मर में लगी आग पर काबू पाया। अब लोग जले ट्रांसफार्मर को बदले जाने का इंतजार कर रहे हैं। इस संबंध में एक्सईएन प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।
वहीं धानापुर विद्युत उपकेंद्र में सोमवार की रात करीब सवा आठ बजे आवाजापुर फीडर की ट्राली में तेज धमाका होने से अफरा-तफरी मच गई। धमाके के बाद पावर हाऊस धुएं से भर गया। विभाग के कर्मचारियों ने कुसुम्ही गांव के समीप हाईटेंशन तार का इंसुलेटर ब्लास्ट होने को फीडर की ट्राली जलने का कारण बताया है। ट्राली जलने से 24 घंटे से दर्जनों गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। विभाग ने सूचना मिलने के बाद फूंकी ट्राली को मरम्मत के लिए भेजवा दिया है और दूसरी ट्राली लगाकर फीड़र को चालू करने में जुट गए हैं। इस संबंध में जेई जयकार पटेल ने कहा कि शीघ्र ही बिजली आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। इसके साथ ही पावर हाउस में लगे सभी जर्जर फीडर भी एक माह के भीतर बदल दिए जाएंगे।