पीडीडीयू नगर। पालिका परिषद के वार्ड नंबर 16 अलीनगर में चार दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से नाराज वार्डवासियों ने मंगलवार को जलनिगम विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही जलनिगम विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने शीघ्र पेयजलापूर्ति शुरू न किए जाने पर चक्का जाम कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
वार्डवासियों का आरोप था कि चार दिन पूर्व बिजली विभाग की ओर से जेसीबी द्वारा खोदाई कर बिजली विभाग पोल लगाया जा रहा था। कार्य के दौरान भूमिगत जलनिगम का सीमेंटेड पाइप क्षतिग्रस्त हो गया। इससे वार्ड की पेयजलपूर्ति ठप हो गई। वार्डवासियों ने इसकी जानकारी विभाग के कर्मचारियों को दी लेकिन पाइप का मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। वहीं पाइप के क्षतिग्रस्त होने के कारण आपूर्ति आरंभ होते ही रोड पर पानी फैल जा रहा है जिससे आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों ने दूरदराज से पानी लाकर अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति की। इस संबंध में जलनिगम विभाग के सहायक अभियंता बलवंत प्रसाद ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही से खंभा लगाते समय दो स्थानों पर पाइप क्षतिग्रस्त हो गई है। बुधवार से पाइप के मरम्मत का कार्य आरंभ करा दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में आनंद कुमार, विशाल, अजीत, अवनीश, अच्छेलाल, राजकुमार आदि शामिल रहे।