पीडीडीयू नगर। एलआईसी अभिकर्ता के निलंबन और दुव्यर्वहार किए जाने से नाराज अन्य अभिकर्ताओं ने शुक्रवार को नई बस्ती स्थित विभाग के कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। अभिकर्ता को निलंबित किए जाने से आक्रोशित हो कंपनी व सहायक प्रबंधक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने शाखा प्रबंधक को पत्रक सौंप पीड़ित अभिकर्ता के साथ न्याय करने की मांग की। अभिकर्ताओं का कहना था कि उने साथी अभिकर्ता बैजनाथ सिंह को बिना कारण बताओ नोटिस दिए कंपनी ने सस्पेंड कर दिया है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी निलंबित अभिकर्ता का निलंबन वापस नहीं किया जा रहा है। निलंबन का कारण पूछे जाने पर सहायक मैनेजर से हुए विवाद का हवाला दिया जा रहा है। जबकि सहायक प्रबंधक ने ही अभिकर्ता के साथ दुर्व्यवहार किया था। इससे कंपनी के अधिकारियों की मनमानी उजागर हो रही है। उन्होंने साथी एजेंट का निलंबन तत्काल वापस न लिए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। धरना देने वालों में राजेंद्र उपाध्याय, राजेश कुमार सिंह, शशि तिवारी, महेंद्र, संजय सिंह, विद्यासागर मिश्रा, आलोक सिंह, बच्चू लाल, आनंद सिंह, एसपी तिवारी, मधुसूदन मिश्रा, संतसेवक सिंह, ममता, मालती, राजमणि यादव, दिनेश, संजय, रामाश्रय, ओमप्रकाश, प्रभाकर पांडेय, सूर्यकांत सहाय आदि शामिल थे।