पीडीडीयू नगर। शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर पुलिसिया जुल्म, नागरिकता संसोधन बिल, एनआरसी, बेरोजगारी, आर्थिक मंदी आदि के विरोध में और प्रियंका गांधी के धरना के समर्थन में नगर के शास्त्री पार्क में बांहों पर काली पट्टी बांध कर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ खूब नारेबाजी की। आरोप लगाया कि सरकार देश में फूट डालो और राज करो की नीति पर काम कर रही है। वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने पुरे देश मे अराजकता का माहौल बना दिया। संविधान के हक़ में शांति तरीके से आवाज उठाने पर छात्रों पर पुलिसिया जुल्म किया जा रहा है। दुष्कर्म की बढ़ती घटनाएं, बलात्कार के बाद हत्या, प्याज, घरेलू गैस, मोबाईल रिचार्ज, दाल, पेट्रोल की बढ़ती महंगाई सहित अन्य मुद्दों पर फेल हो चुकी है। इस पर से ध्यान हटाने के लिए लोगों को धर्म के मसले में उलझा रही है। उन्नाव रेप कांड में भाजपा के विधायक दोषी करार हो चुके है। धरना प्रदर्शन में दयाराम पटेल, शाहिद तौसिफ, विजय गुप्ता, औसाफ अहमद, राकेश सिंह, नवीन पांडेय, दशरथ चौहान, संजय मिश्र, कन्हैया केशरी, तेजप्रकाश मल्लिक, दाऊ केशरी रहे। अध्यक्षता रामजी गुप्ता ने और संचालन शाहिद तौसिफ ने किया।