शहाबगंज। महरौड़ स्थित स्वामी अड़गड़ानंद पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव शनिवार को धूमधाम से स्कूल परिसर में मनाया गया। बेटी बचाओ नाटक प्रस्तुत कर छात्र-छात्राओं ने लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि अनुग्रह नरायण सिंह उर्फ बंटी सिंह ने दी प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विशिष्ट अतिथि अश्वनी दूबे ने कहा कि बच्चों का मन मिट्टी के कच्चे घड़े के समान है। इनको जिस रूप में ढालेंगे उस रूप में ढल जाएंगे। उन्होंने बच्चों को शौचालय का प्रयोग करने और पॉलिथीन का प्रयोग न करने का शपथ दिलाई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना, प्रहसन, संसार की झलक, मूक क्रिकेट, ओड़िसी नृत्य, ब्रजगीत, तीन तलाक, भांगडा, देश भक्ति गीत आदि की प्रस्तुति कर उपस्थित लोगों से खूब वाहवाही बटोरी। वहीं बेटी बचाओ नाटक प्रस्तुत कर कन्या भ्रूण हत्या के प्रति लोगों को जागरूक कर समाज को उपदेश देने का प्रयास किया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक बागी, राजेश श्रीवास्तव, पशुराम सिंह, आशुतोष सिन्हा, दिलीप श्रीवास्तव, तमन्ना बानो, शिवांगी पाल, स्वाति मौर्या, अंतिमा पांडेय, काव्या, महिमा, रेनू गार्गी मौजूद रहे। अध्यक्षता गुलाब मौर्य ने की जबकि संचालन रामअवतार ने किया।