जलेबिया मोड़ के पास अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर। संवाद
चकिया।
नौगढ़ मार्ग पर जलेबिया मोड़ के पास अनियंत्रित वाहन पलटने से पिता-पुत्र घायल हो गए। वाहन में चार लोग सवार थे। घायलों का इलाज जिला संयुक्त अस्पताल में करने के बाद डॉक्टरों ने बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। रविवार को आजमगढ़ निवासी सुभाष पत्नी और बच्चों के साथ राजदरी जलप्रपात देखने आए थे। वापस लौटते समय जलेबिया मोड़ पर कुंडा हेमैया के पास वाहन चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सुभाष (35), बेटा सौरभ (8) घायल हो गए। उनकी पत्नी और एक अन्य पुत्र भी जख्मी हो गए। सभी को जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि चालक को झपकी आने से कार पलट गई। कार में सवार चार लोगों में से दो गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका इलाज जिला संयुक्त अस्पताल में चल रहा है।