नियामताबाद। अलीनगर थाना अंतर्गत पीडीडीयू नगर चकिया मार्ग पर आलू मिल चौराहा के समीप शनिवार की रात पौने 12 बजे वाहन के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान राबर्ट्सगंज निवासी नज्मतुल्ला खान उर्फ सोनू (30) के रूप में हुई। पुलिस ने परिवार वालों को सूचित कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज के वार्ड संख्या 13 आर्यनगर निवासी नियामतुल्ला का पुत्र नज्मतुल्ला खान उर्फ सोनू की बिजली के सामान की दुकान राबर्ट्सगंज में है। उसकी ससुराल अलीनगर थाना के नसीरपुरपट्टन गांव निवासी तैय्यब खान के यहां है। शनिवार की शाम करीब सात बजे सोनू अपने भाई बल्लू खान से बाइक लेकर ससुराल जाने के लिए निकला था। रात पौने 12 बजे वह आलूमिल चौराहा के समीप पहुंचा था कि किसी वाहन के धक्के से वह सड़क पर गिर पड़ा। उसने हेलमेट नहीं पहनी थी। सिर में चोट की वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के मोबाइल की सहायता से उसके परिवार वालों को सूचना दी। मौत की खबर सुनते ही परिवार वालों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिवार वाले अलीनगर थाने पहुंच गए। थाने पर पहुंची मृतक की पत्नी शब्बो परवीन और उसके दोनों पुत्र साजिद व वाजिद का रो -रो कर हाल बेहाल हो गया। इस संबंध में सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश चंद्र त्रिपाठी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के भाई बल्लू खान की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
बबुरी। थाना क्षेत्र के परनपूरा चट्टी के पास रविवार की शाम दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक चला रहे खुरूहुजा निवासी पप्पू सिंह (47) और दूसरा बाइक सवार मनोज सिंह (42) निवासी शाहपुर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आस पास के लोगों दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। ब्यूरो