सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के मनियारपुर फुल्ली में ओवरलोड बालू लदे ट्रकों व ट्रैक्टरों के खिलाफ शनिवार की देर रात से रविवार की सुबह तक तहसीलदार विकास धर दूबे और सीओ राजेश कुमार राय ने राजस्व व खनन विभाग के अधिकारियों के साथ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने ओवरलोड बालू लदे चार ट्रकों का चालान किया गया। वाहनों को पास कराने वाले बिचौलिया फरार हो गए।
बृहस्पतिवार को बालू लदे ट्रैक्टर चालकों ने खेतों में तेज रफ्तार में गाड़ी भगाते हुए गार्ड और तहसीलकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया था। इससे प्रशासन के तेवर कड़े हो गए हैं। शनिवार की देर रात तहसीलदार, सीओ व नायब तहसीलदार ने राजस्व और खनन विभाग के साथ टीम बनाकर स्थानीय सघन तिराहा स्थित पुलिस पिकेट से लेकर चहनिया तक अभियान चलाया। टीम ने चार ओवरलोड बालू ट्रकों का चालान किया। टीम में नायब तहसीलदार मो.आरिफ सहित अशोक यादव, अमन कुमार और राजस्व व खनन विभाग के अफसर थे।