पीडीडीयू नगर। सड़कों पर लगातार जाम की समस्या से जूझ रहे जनपदवासियों को राहत मिलने वाली है। शासन ने मोहनसराय से पीडीडीयू नगर होते हुए चकिया तक लगभग 54 किलोमीटर स्टेट हाइवे घोषित कर इसे बनाने का निर्णय लिया है। इस सड़क को एसएच-120 के नाम से जाना जाएगा। शीघ्र ही सड़क का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में कुल 46 स्टेट हाइवे बनाए जाने हैं। इनमें जनपद को भी शामिल किया गया है। यह सड़क वाराणसी के मोहनसराय से चकिया तक बनाई जाएगी। इसमें पीडीडीयू नगर का भी कुछ हिस्सा शामिल होगा। स्टेट हाइवे के बन जाने से जहां लोगों को आवागमन में सुविधा होगी वहीं सड़क के किनारे बसे गांवों का भी विकास होगा। स्टेट हाइवे 120 के नाम से बनने वाली सड़क का कार्य आगामी कुछ दिनों में आरंभ कर दिया जाएगा। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सइएन डीपी सिंह ने बताया कि स्टेट हाइवे बनाने की कार्ययोजना बनाकर पहले ही शासन को भेजी गई थी। शासन से स्वीकृति मिलते ही सड़क का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।