बैसाखी के मद्देनजर तीन दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन मंगलवार को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से नगर में शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में पंज प्यारे ने सबका मन मोहा। वहीं शोभायात्रा के दौरान गतका पार्टी ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाए। नगर के इंडियन इंस्टीट्यूट से निकली रैली नगर भ्रमण कर गुरुद्वारा पहुंच कर समाप्त हुई।
शोभायात्रा की तैयारी सुबह से ही शुरू हो गई थी। शाम पांच बजे नगर के इंडियन इंस्टीट्यूट कालोनी स्थित सामुदायिक भवन के समीप समुदाय के लोगों का जमावड़ा लग गया था। शाम छह बजे के करीब गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पांच बच्चे पंज प्यारे के रूप में सजे।
शोभायात्रा के आगे समाज के युवा झाड़ूू लेकर सड़क साफ करते चल रहे थे। उसके पीछे पंच प्यारे चल रहे थे। उसके पीछे गुरुग्रंथ साहब का रथ चल रहा था और इसके पीछे महिलाएं भजन कीर्तन करती चल रही थी।
मिर्जापुर से आए गतका पार्टी के लोग हैरतअंगेज करतब दिखाते चल रहे थे। सीने पर बड़ा सा पत्थर रख कर उसे तोड़ने, तलवार बाजी, मुंह से आग निकालने सहित अन्य करतब देख लोग अचंभित थे। शोभायात्रा इंस्टीट्यूट कालोनी, राममंदिर से होते हुए जीटी रोड, धर्मशाला रोड, गल्लामंडी, आर्य समाज मंदिर, सुभाष पार्क होते हुए गुरुद्वारा पहुंच कर समाप्त हुई। इस दौरान शोभायात्रा को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ रही। शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और सड़क की एक पटरी पर आवागमन रोक दिया गया था।
बुधवार को रात दस बजे गुरुद्वारे में विशेष दीवान सजाया जाएगा और बाहर से आए रागी जत्था द्वारा भक्तों को भक्तिरस का पान कराया जाएगा। रात में ही अटूट लंगर का आयोजन किया जाएगा। 13 को बैसाखी मनायी जाएगी। इस मौके पर मेला लगेगा। शोभायात्रा में सरदार रविन्द्र सिंह, सरदार महेन्द्र सिंह, मंजीत सिंह, सतपाल सिंह सूरी, अमरीक सिंह, अमरेन्द्र सिंह,रोशन सिंह, मनमीत सिंह, सतनाम सिंह, जोगेन्द्र सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।