शिकारगंज। पिपरखड़िया और नौडीहा गांव में सोमवार को चकिया के भाजपा विधायक कैलाश आचार्य ने विधायक निधि के 22 लाख रुपये की लागत से कराए गए सीसी रोड और इंटरलाकिंग कार्य का लोकार्पण किया। ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग पर क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने विधायक निधि से सीसी रोड और इंटरलॉकिंग के निर्माण को हरी झंडी दी थी।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से कुसही ग्राम पंचायत के पिपरखड़िया गांव में 10.70 लाख की लागत से 125 मीटर लंबे सीसी रोड का निर्माण कराया गया। इसी तरह से नौडिहा ग्राम पंचायत में राधेश्याम के घर से रमेश मौर्य के घर तक 11.16 लाख रुपये की लागत से 180 मीटर इंटरलॉकिंग का कार्य किया गया। सोमवार को विधायक कैलाश आचार्य ने इसका लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि विधायक निधि से सीसी रोड और इंटरलॉकिंग का निर्माण कराकर आवागमन सुलभ किया गया है। इस दौरान गणेश मौर्य, कुसही प्रधान प्रवीण यादव, हिम्मत बहादुर सिंह, नौडिहा प्रधान हिसामुद्दीन, निखिल सिंह, संतराम, पारस, रामनरेश आदि मौजूद रहे।