संवाद न्यूज एजेंसी पीडीडीयू नगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो रही हैं। पहले दिन हाईस्कूल के गणित विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा की पूरी तैयारी हो चुकी है।
सोमवार को परीक्षा केंद्रों पर डेस्क स्लीप चस्पा करने सहित अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में आठ केंद्रों पर परीक्षा में हाईस्कूल की परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च तक और इंटरमीडिएट की परीक्षा 10 अप्रैल तक चलेंगी। इस वर्ष दोनों कक्षाओं को मिलाकर 8,985 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें 4,756 विद्यार्थी हाईस्कूल, 4,229 इंटरमीडिएट के हैं। जिले के पीडीडीयू नगर के कैलाशपुरी स्थित लक्ष्मी पब्लिक स्कूल में हाईस्कूल के 552 और इंटरमीडिएट के 586 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। सनबीम मुगलसराय में हाईस्कूल के 571 व इंटरमीडिएट के 473 जबकि बीएंडबी इंटरनेशनल स्कूल, खरखोलिया (धानापुर) में हाईस्कूल के 638 व इंटर के 754 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। सेंट जोसेफ स्कूल, चहनियां में हाईस्कूल के 699 व इंटर के 591 विद्यार्थी शामिल होंगे। जेएस पब्लिक स्कूल, पांडेयपुर (बबुरी) में हाईस्कूल के 539 और इंटर के 465 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। सेंट अल-हनीफ एजुकेशनल सेंटर, पड़ाव में हाईस्कूल के 534 और इंटरमीडिएट के 528 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, पीडीडीयू नगर में हाईस्कूल के 560 और इंटर के 292 तथा एसजी पब्लिक स्कूल, रविनगर (पीडीडीयू नगर) में हाईस्कूल के 663 व इंटर के 540 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा
परीक्षा केंद्रों पर शुचिता व पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। प्रवेश द्वार पर सघन जांच की जाएगी। प्रतिबंधित सामग्री पर पूरी तरह रोक रहेगी।