नगर स्थित उप डाकघर जल्द ही सीबीएस (कोर बैंकिंग सर्विस)से जुड़ जाएगा। इसको उच्चीकृत करने की कवायद शुरू हो गई है। शनिवार की शाम से यहां कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके लिए पोस्ट आफिस रविवार को भी खुला रहेगा लेकिन लेनदेन का कार्य नहीं होगा।
सीबीएस से जुड़ने के बाद अब यहां के खाताधारक देश के किसी भी कोने के डाकघर से अपना लेनदेन कर सकेंगे। डाटा फीडिंग के चलते लेनदेन बंद होने से डाकघर को करीब तीन करोड़ का नुकसान होगा। स्थानीय पोस्ट आफिस को कोर बैंकिंग के जरिए देश के अन्य भागों से जोड़ने के लिए दस दिनों तक कार्य किया जाएगा। पोस्ट आफिस में बचत के 22541, आवर्ती जमा खाता 24800, मासिक आय योजना के 2402 खाते हैं।
वहीं सावधी खाता धारक 1851, भविष्य निधि खाताधारक 424 तथा राष्ट्रीय बचत खाता धारकों की संख्या 14336 है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिक योजना के 131 तथा सुकन्या 716 खाताधारक हैं। 50940 किसान विकास पत्र जमा किए गए हैं। सोमवार से पोस्टआफिस में सीबीएस का कार्य शुरू हो जाने के बाद न तो नए खाते खोले जाएंगे और न ही किसी प्रकार का लेनदेन किया जाएगा।
खातों से धनराशि की निकासी भी नहीं हो सकेगी। उप डाकपाल राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि सीबीएस से जुड़ जाने के बाद मुगलसराय पोस्ट आफिस विश्वेश्वरगंज प्रधान डाकघर वाराणसी की तर्ज पर काम करने लगेगा। जहां उपभोक्ताओं को हर सुविधाएं मिलेंगी। अब नागरिको को किसी कार्य के लिए वाराणसी का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।